31 January 2025 Current Affairs in Hindi

विश्व पुस्तक मेला नई दिल्ली में 1 से 9 फ़रवरी तक आयोजित होगा
- इस बार प्रसिद्ध विश्व पुस्तक मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में 1 से 9 फरवरी तक आयोजित होगा।
- इस पुस्तक मेले के दौरान संविधान में निहित सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुस्तकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
- विश्व पुस्तक मेले में पंकज त्रिपाठी, शशि थरूर, कुमार विश्वास, प्रकाश झा, पुष्पेश पंत जैसे प्रसिद्ध लेखक, अभिनेता और विचारक अपने विचारों और रचनाओं के माध्यम से दर्शकों से संवाद करेंगे।
- इस मेले का मुख्य आकर्षण थीम पवेलियन होगा जहां भारत के गणतांत्रिक आदर्शों को प्रदर्शित किया जाएगा।
- इस पुस्तक मेले में अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक और लेखक भी अपने मंडप लगाएंगे जिससे लोग दुनियाभर के साहित्य और संस्कृति से परिचित हो सकेंगे।
- इस साल विशेष रूप से रूस से आई किताबों के माध्यम से रूस की साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
- इस बार पुस्तक मेले में ‘ऑथर्स लाउंज’ नामक एक नया कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
- इस कार्यक्रम में लेखक और साहित्यकार अपने विचार साझा करेंगे और विभिन्न साहित्यिक चर्चाओं का हिस्सा बनेंगे।
राष्ट्रीय महिला आयोग 31 जनवरी को मनाएगा 33वां स्थापना दिवस
- राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) अपना 33वां स्थापना दिवस 31 जनवरी को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में मनाने जा रहा है।
- इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि होंगे।
- इस साल का विषय “नारी तू नारायणी” रखा गया है जो अहिल्यादेवी होल्कर की वीरता और नेतृत्व से प्रेरित है।
- यह महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने का संदेश देता है।
- इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर की पुस्तक “कर्मयोगिनी वीरांगना” का विमोचन भी होगा जो पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर के अद्वितीय साहस और नेतृत्व को समर्पित है।
गुनरी का इनलैंड मैंग्रोव वन गुजरात का पहला जैव विविधता धरोहर स्थल घोषित
- गुजरात सरकार ने कच्छ जिले में स्थित गुनरी गांव के इनलैंड मैंग्रोव गुनरी स्थल को राज्य का पहला जैव विविधता धरोहर स्थल घोषित किया है।
- यह फैसला मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और वन और पर्यावरण मंत्री मुलुभाई बेरा की अगुवाई में गुजरात जैव विविधता बोर्ड द्वारा लिया गया।
- गुनरी का यह मैंग्रोव वन एक खास प्रकार का पारिस्थितिकी तंत्र है।
- सामान्यतः मैंग्रोव ऐसे समुद्र तटों पर पाए जाते हैं जहां ज्वारीय पानी हर 24 घंटे में आता-जाता रहता है।
- हालांकि गुनरी में यह मैंग्रोव समुद्र से 45 किमी दूर और कोरी क्रीक से 4 किमी की दूरी पर उगते हैं,और यहां पर पानी का ज्वारीय प्रवाह नहीं होता है।
- इस क्षेत्र में कीचड़ या दलदली जमीन भी नहीं है लेकिन 32.78 हेक्टेयर में फैला हुआ एक घना जंगल जैसा वातावरण बनाता है।
- गुजरात जैव विविधता बोर्ड ने इस स्थल के पौधों और जीवों की रक्षा हेतु एक प्रबंधन योजना भी बनाई है।
केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों में आपदा शमन के लिए 3027.86 करोड़ रुपए की दी मंजूरी
- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने बुधवार को विभिन्न राज्यों में आपदा शमन (Disaster Mitigation) के लिए 3027.86 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
- उच्च स्तरीय समिति ने सबसे अधिक सूखा प्रभावित 12 राज्यों को 2022.16 करोड़ रुपए की कुल लागत वाली परियोजना को भी मंजूरी दी।
- समिति ने 10 राज्यों में कुल 186.78 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सुरक्षा पर शमन परियोजना को भी मंजूरी दी है।
- इन 10 राज्यों में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
- सरकार ने देश में डिजास्टर रिस्क रिडक्शन (Disaster Risk Reduction) प्रणाली मजबूत करके आपदाओं के दौरान जानमाल और जैव विविधता को होने वाले किसी भी बड़े नुकसान को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं।
- चालू वित्त वर्ष के दौरान राज्यों को 24,981 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।
- इसके अतिरिक्त केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 19 राज्यों के उच्च प्राथमिकता वाले 144 जिलों में 818.92 करोड़ रुपए के कुल व्यय के वन अग्नि प्रबंधन के लिए शमन परियोजना को भी मंजूरी दी है।
भारत जल्द ही एआई का अपना फाउंडेशनल मॉडल विकसित करेगा
- भारत आने वाले महीनों में एआई का अपना फाउंडेशनल यानी मूलभूत मॉडल तैयार करेगा।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत का फाउंडेशनल मॉडल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मॉडल से प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होगा।
- भारत का अपना एआई मॉडल विकसित करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित करते हुए एक रूपरेखा तैयार की गई है।
- केंद्रीय मंत्री ने एक एआई सुरक्षा संस्थान स्थापित किए जाने की भी घोषणा की।
- भारत का AI मिशन पहले से ही अपने शुरुआती ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट जीपीयू लक्ष्यों को पार कर चुका है।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया 18 हजार 693 जीपीयू के साथ एक सामान्य कंप्यूटिंग सुविधा शुरू की गई है और आने वाले दिनों में स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और डेवलपर्स के लिए उपलब्ध होगी।
- भारत में अब 15 हजार हाई-एंड जीपीयू उपलब्ध हैं जिन्हें जल्द ही भारतीय सर्वर पर होस्ट किया जाएगा।
मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में 30 जनवरी से लागू हुआ ड्रेस कोड
- मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर ने भक्तों के लिए एक नया दिशा-निर्देश जारी किया है।
- मंदिर प्रशासन के अनुसार आज गुरुवार से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है।
- इस नई व्यवस्था के तहत, स्कर्ट, कटे-फटे कपड़े और रिवीलिंग ड्रेस पहनकर मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
- मुंबई स्थित सिद्धिविनायक मंदिर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के सनातनी और गणेश भक्तों के आस्था का एक प्रमुख केंद्र है।
- यहां पर लाखों लोग दर्शन के लिए आते हैं और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के जीवन की मनोरथ पूरी होती है।